home page

मीरजापुर में बंद मकान का ताला तोड़कर 15 लाख के जेवरात चोरी

 | 
मीरजापुर में बंद मकान का ताला तोड़कर 15 लाख के जेवरात चोरी


मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर छह कमरों के ताले तोड़ने के बाद आलमारी और संदूक खंगाल ले गए। मकान मालिक के मुताबिक, चोर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात समेत पीतल के बर्तन, साड़ी और कपड़े उठा ले गए। सोमवार दोपहर पड़ोसियों ने ताला टूटा देखा तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।

गांव निवासी ओमप्रकाश तिवारी परिवार के साथ मुंबई में रहकर कारोबार करते हैं। गांव में उनकी पत्नी और बहू रहती थीं, लेकिन करीब दो महीने पहले इलाज के लिए वे भी मुंबई चली गई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने चाेरी की वारदात को अंजाम दे डाला।

पड़ोसियों की सूचना पर मकान मालिक ने विंध्याचल थाना क्षेत्र के महुआरी निवासी रिश्तेदार मोहित दुबे पुत्र महेशधर को घर भेजा। मोहित ने बताया कि मकान के छह कमरों के ताले टूटे मिले हैं। आलमारी का लॉकर और संदूक भी तोड़ा गया था। ओमप्रकाश तिवारी ने फोन पर बताया कि आलमारी में उनकी पत्नी मनोरमा देवी के करीब 15 लाख रुपये के जेवरात रखे थे। इसके अलावा पीतल के बर्तन, साड़ी और कपड़े भी गायब हैं।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बंद मकान में चोरी की घटना संज्ञान में आई है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा