home page

कानपुर में सेंध बनाकर ज्वैलरी शॉप से चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, जेवरात बरामद

 | 
कानपुर में सेंध बनाकर ज्वैलरी शॉप से चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, जेवरात बरामद


कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के थाना चकेरी क्षेत्र अंतर्गत 16-17 मार्च की रात ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाकर नकदी और ज्वेलरी समेत करीब पांच लाख रुपये की चोरी करने वाले दो चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक खरीददार को पुलिस ने मंगलवार काे गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपितों के कब्जे से करीब 90 प्रतिशत चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि चकेरी ओम पूर्व लाल बंगला निवासी सोनू कुमार वर्मा की पटेल नगर स्थित खाटू श्याम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। जहां अज्ञात चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर सोने, चांदी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, नकदी और डीवीआर चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया सीसीटीवी फुटेज खाने पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। जिस पर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 80 फीट रोड से दो आरोपितों नौबस्ता निवासी मोहम्मद शकील, चौबेपुर निवासी धर्मेंद्र गौतम उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि चोरी का सारा माल बेकनगंज निवासी शाह कमल को बेचा है। दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनके पास से चोरी के माल की 90 प्रतिशत बरामदगी समेत चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड, पेशकश और डीवीआर बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शकील पर 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है। धर्मेंद्र गौतम पर भी पूर्व में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप