ज्वेलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में वारदात कैद
मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर बाजार में बीती रात चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान का शटर चाड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
लहंगपुर चौकी क्षेत्र के वाराणसी-रीवा हाईवे स्थित शिवजी ज्वेलर्स में देर रात करीब 1:45 बजे तीन बदमाश पहुंचे। दो चोर मुंह बांधकर शटर चाड़कर दुकान के अंदर घुसे और काउंटर में रखे करीब सवा किलो चांदी के आभूषण पार कर दिए, जबकि एक साथी बाहर निगरानी करता रहा। चोर दो बार दुकान में घुसे और आभूषणों के साथ डिब्बे भी उठा ले गए।
शनिवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने शटर टूटा देख दुकान मालिक मोहन सेठ को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है।
लालगंज प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने क्षेत्र में गश्त की कमी का आरोप लगाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

