home page

15 हजार के अंतरराज्यीय इनामी अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
15 हजार के अंतरराज्यीय इनामी अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


उरई, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन की कोतवाली कोंच पुलिस ने गुरुवार को लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के अंतरराज्यीय इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपित का नाम उमेश कुमार चौहान है, जो मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है। वह कई राज्यों में फरार था, जिसके चलते इस पर अंतरराज्यीय इनाम घोषित किया गया था। आरोपी उमेश पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, लेकिन यह काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। कोंच कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार को सूचना मिली कि वांछित आरोपित एफसीआई गेट के सामने मुख्य सड़क पर देखा गया है। सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपित को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित उमेश कुमार चौहान को सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा