जालौन में चाेरी : जेवरात व नकदी सहित लगभग 3 लाख का सामान पार
उरई, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेखी में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात, नकदी एवं अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
ग्राम निवासी प्रताप कुशवाहा के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात, 50,000 की नकदी व अन्य कीमती घरेलू सामान चोरी कर लिये। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 3 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। वहीं, इस मामले में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है जल्द खुलासा किया जाएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

