home page

जालौन पुलिस ने 15 हजार के इनामी आरोपित को किया गिरफ्तार, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में था फरार

 | 
जालौन पुलिस ने 15 हजार के इनामी आरोपित को किया गिरफ्तार, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में था फरार


उरई, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन की कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपित मंगल सिंह को बुधवार काे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

जालौन कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चन्द्र के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान मंगल सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। मामले में वांछित होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। आरोपित की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को जालौन कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित भागने का प्रयास भी करता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जालौन कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चन्द्र ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा