जौनपुर में ट्रकों से डीजल चोरी वाला युवक गिरफ्तार, तमंचा व स्कार्पियो भी बरामद
जौनपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर के सिंगरामऊ थानान्तर्गत पुलिस टीम द्वारा बीती रात हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने के आरोप में अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय ने रविवार काे बताया कि सिंगरामऊ पुलिस टीम द्वारा शनिवार की रात में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा मिली की सूचना पर हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य चोरी के डीजल के साथ मौजूद हैं। मौके पर पहुँचकर अभियुक्त सचिन यादव पुत्र पारसनाथ यादव, निवासी ककरहिया, थाना बंधुआकला, जनपद सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया है।
आराेपित के कब्जे से लगभग 50 लीटर डीजल, एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक जिन्दा कारतूस .315 बोर व घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद किया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त सचिन यादव द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र

