home page

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

 | 
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार


- सात चोरी की बाइक बरामद

मीरजापुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर की गई।

प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शक्तेशगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन चिड़ियाघर की बाउंड्री के अंदर से अशोक कुमार निवासी रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र), रवि कुमार व रविंदर राम निवासी कैमूर (बिहार) तथा रामकेश उर्फ नसुड़ी निवासी राजगढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो विभिन्न स्थानों से मौका पाकर मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें छिपा दिया जाता था, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में मोटरसाइकिलों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे और उसी से अपना व परिवार का खर्च चलाते थे।

प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा