बाराबंकी: पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
बाराबंकी 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद की जैदपुर पुलिस ने चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का माल, वारदात में प्रयुक्त कार, चोरी के औजार, अवैध तमंचा, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जैदपुर थाना पुलिस ने राहुल उर्फ बिरजू रावत, रोहित उर्फ करिया उर्फ नान्हू, अवनीश वर्मा उर्फ लकी तथा अभिषेक यादव सभी निवासी ग्राम पहलीपार थाना मसौली को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कार से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर पहले दुकानों की रेकी करते थे। रात में सब्बल और आरी से ताले व शटर काटते थे और शटर न उठने पर जैक की मदद से उसे ऊपर उठाकर दुकान में घुस जाते थे। चोरी का सामान बेचकर रकम आपस में बराबर बांट लेते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने जैदपुर के तकिया चौराहे स्थित जनसेवा केंद्र व खाद-बीज भंडार से मोबाइल फोन और सिक्कों की चोरी, नवाबपुर पुलिया के पास दुकान से सफेद धातु के तीन नकली दो हजार रुपये के नोट चोरी, कोठी क्षेत्र से बैटरी, सफदरगंज क्षेत्र से इन्वर्टर बैटरी, पिपरमिंट तेल व नकदी तथा अयोध्या के पटरंगा क्षेत्र से रेडीमेड कपड़ों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
इनके कब्जे से तीन नकली दो हजार रुपये के सफेद धातु के नोट, सात मोबाइल फोन, तीन सब्बल, बड़ा व छोटा जैक, आरी, बैटरी, चार लीटर पिपरमिंट तेल, 7,773 रुपये नकद, रेडीमेड कपड़े, एक अवैध .12 बोर तमंचा व कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्कोडा फैबिया कार बरामद हुई। राहुल के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उनके विरुद्ध बाराबंकी जिले के अलावा अयोध्या और आसपास के कई जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों और इनके शेष आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

