home page

पटिया से सिर पर हुए वार से घायल युवक की मौत, आराेपित गिरफ्तार

 | 
पटिया से सिर पर हुए वार से घायल युवक की मौत, आराेपित गिरफ्तार


मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में फतहवा गांव में विवाद के दौरान डांटने से नाराज युवक ने अपने दूर के रिश्तेदार के सिर पर लकड़ी की पटिया से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल संजय की बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में लालगंज पुलिस ने रविवार को आरोपित रोहित को पतुलखी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

लालगंज थाना क्षेत्र के वामी नौडहिवा गांव निवासी बुद्धिराम ने 13 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई संजय के सिर पर लकड़ी की पटिया से प्रहार कर उन्हें बेहोश कर दिया गया। गंभीर हालत में संजय को बीएचयू में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। रविवार को उपनिरीक्षक गुरुप्रसाद सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर पतुलखी ओवरब्रिज के पास से नामजद आरोपित रोहित पुत्र शिवशंकर निवासी लहंगपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 12 नवंबर को फतहवा गांव में उसका दो अन्य लोगों से विवाद हुआ था। उस समय संजय भी मौके पर मौजूद थे। संजय ने उसे डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने संजय पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 105 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा