पत्नी से बातचीत के शक में साढ़ू पर चाकू से हमला, ट्रामा सेंटर में मौत
अमेठी, 31 मार्च (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद अमेठी स्थित मुसाफिरखाना कस्बा निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा की ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते 13 मार्च को हुए चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस पहले ही आरोपित साढू़ रोहित विश्वकर्मा को जेल भेज चुकी है।
सुल्तानपुर जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र के कामापुर मजरे सोहगौली निवासी रोहित विश्वकर्मा एक प्रीतिभोज कार्यक्रम में शामिल होने 13 मार्च को मुसाफिरखाना आया था। आरोप है कि उसने अपने साढ़ू विजय बहादुर विश्वकर्मा को नहर की पटरी पर बुलाया और पत्नी से बातचीत न करने को लेकर समझाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान रोहित विश्वकर्मा ने विजय बहादुर पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गथा था। गंभीर हालत में विजय बहादुर को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई है । मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुसाफिरखाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में घटना के तत्काल बाद ही परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपित को जेल भेज दिया गया था। अब घायल युवक की मृत्यु हो जाने के बाद धाराओं काे जाेड़ते हुए आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

