अफजलगढ़ में पुलिस ने मकान में छापा मारकर अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा, 120 किलो विस्फोटक बरामद
बिजनौर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ़ में अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूचना पर पुलिस ने मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान पर छापा मारकर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में तैयार व अर्धनिर्मित पटाखों के साथ पोटाश और गंधक बरामद किए हैं।
उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कस्बा अफजलगढ़ के मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखों और आतिशबाजी का निर्माण व भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अफजलगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपित रहीस को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 50 किलोग्राम निर्मित दीवार मार बम, 10 किलोग्राम अर्धनिर्मित जमीन मार बम तथा 60 किलोग्राम पोटाश व गंधक बरामद किए। बरामद सामग्री की कुल मात्रा 120 किलोग्राम बताई गई है। गिरफ्तार आरोपित रहीस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

