home page

मीरजापुरः अवैध डीजल भंडारण का खुलासा, दो पर मुकदमा

 | 
मीरजापुरः अवैध डीजल भंडारण का खुलासा, दो पर मुकदमा


मीरजापुर, 24 सितंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर मध्य प्रदेश में बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने दो आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।

जिले के अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को लालगंज तहसील के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अरुण कुमार पांडेय और आपूर्ति निरीक्षक राज सिंह यादव ने ड्रमंडगंज पुलिस के साथ लहुरियादह गांव में जांच की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर डीजल का भंडारण किए जाने की जानकारी सामने आई।

जांच में भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव निवासी विनोद कुमार जायसवाल और नारायण जायसवाल के नाम सामने आए। आरोप है कि दोनों अलग-अलग स्थानों पर डीजल का भंडारण करते थे और बाद में उसे मध्य प्रदेश ले जाकर बेचते थे। जांच के बाद आपूर्ति निरीक्षक राज सिंह यादव ने ड्रमंडगंज थाने में तहरीर दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्रवाई के बाद अवैध रूप से डीजल के भंडारण और बिक्री से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा