बहराइच : अवैध सुतली बम बनाने और बेचने वाले पांच गिरफ्तार, 17 किलो से अधिक विस्फोटक बरामद
बहराइच, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में नानपारा पुलिस ने साेमवार काे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से सुतली बम बनाने और बेचने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 17 किलो 50 ग्राम सुतली बम व पलीता बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपिताें में सुतली बम बनाने वाला व्यक्ति भी शामिल है, जो किराये की दुकान से बम तैयार कर अपने साथियों के माध्यम से पटाखा दुकानों पर बेच रहा था।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध विस्फोटक पदार्थों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिद्दीक मड़ैया में अवैध रूप से सुतली बम बनाए जा रहे हैं और उनकी बिक्री भी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। वहां से 2 किलो 600 ग्राम सुतली बम, 800 ग्राम पलीता और 1 किलो 800 ग्राम सुतली का बंडल बरामद किया।
पूछताछ में बंजरिया निवासी अनवर अली ने सुतली बम बनाने और सिद्दीक मड़ैया स्थित किराये की दुकान से उनकी बिक्री करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि तैयार सुतली बम अपने साथियों को बेचता था, जो सहादत इंटर कॉलेज मैदान में लगी अस्थायी पटाखा दुकानों के माध्यम से बिक्री कर रहे थे।
अनवर अली से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सहादत इंटर कॉलेज मैदान में संचालित पटाखा दुकानों की जांच की। इस दौरान जीशान की दुकान से 2 किलो 450 ग्राम, शिवम सोनी की दुकान से 3 किलो 50 ग्राम, अमन सोनी की दुकान से 3 किलो 200 ग्राम और मोहम्मद रईस की दुकान से 3 किलो 150 ग्राम सुतली बम बरामद किए गए।
जांच में दुकानदारों ने दीपावली के अवसर पर अस्थायी आतिशबाजी की दुकान संचालित करने के लिए तीन दिन की अनुमति होने की बात बताई, लेकिन किसी के पास सुतली बम की बिक्री का वैध प्राधिकार नहीं मिला। वहीं, अनवर अली के पास भी सुतली बम बनाने और बेचने का लाइसेंस अथवा अनुमति नहीं थी।
थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह ने बताया कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पांचों आरोपिताें के खिलाफ कोतवाली नानपारा में मुकदमा संख्या 446/2026, धारा 5(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

