कानपुर में घर में घुसकर पति-पत्नी पर हमला, पति की मौत
कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर शहर के साढ़ थाना क्षेत्र के देवषङ गांव में शुक्रवार देर रात खेतों के बीच बने मकान में घुसे दो बदमाशाें ने पति-पत्नी पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात में पति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पत्नी भी चोटिल हुईं। गंभीर हालत में पति को अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को उपचार के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां उससे घटना की जानकारी ली गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के इलाकों में भी छानबीन शुरू कर दी है। वारदात के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच, स्वाट, सर्विलांस समेत पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद कल्लू (40) अपनी पत्नी शाहजहां और दो साल की बेटी के साथ गांव से करीब 700 मीटर दूर खेतों में बने मकान में रहते थे। देर रात दो बदमाश उनके घर में दाखिल हुए और दंपत्ति पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावरों ने धारदार हथियार से वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले बदमाशाें ने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख ऊपर की ओर कर दिया था। इससे आशंका है कि आरोपितों ने पहचान छिपाने के लिए पहले से योजना बनाई थी। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जांच में यह भी पता चला है कि मृतक कुछ समय पहले सऊदी अरब में रहते थे और कुछ माह पूर्व ही वापस लौटे थे। वह परिवार से अलग खेत में बने मकान में रह रहे थे। उनके बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस लूट, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने बदमाशाें के भागने वाले संभावित रास्तों पर भी छानबीन तेज कर दी है। सर्विलांस की मदद से संदिग्ध नंबरों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

