प्रियंका आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार, उकसाने के आरोप में भेजा जेल
मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के चकलिया गांव निवासी 22 वर्षीय प्रियंका पाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति सुशील पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी पति को महुली तिराहा से हिरासत में लिया।
बताया गया कि प्रियंका पाल मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर से निकली थी। कुछ ही दूरी पर स्थित कलकलिया नदी में उसने छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी थी। लगातार खोजबीन के बावजूद तत्काल उसका पता नहीं चल सका था। करीब चार दिन बाद प्रियंका का शव नदी में झाड़ियों में फंसा हुआ उतराता मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
घटना के बाद मृतका के पिता ने अपने दामाद सुशील पाल पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। पिता की तहरीर के आधार पर अहरौरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपी पति सुशील पाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और मामले से संबंधित तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

