हेरोइन तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत दो गिरफ्तार
- 5 लाख की नशीली खेप बरामद
मीरजापुर, 12 जून (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 28.68 ग्राम अवैध हेरोइन, पांच मोबाइल फोन और बिक्री से प्राप्त 21,090 रुपये नकद के साथ एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम चंदईपुर स्थित जोगीवीर बाबा मंदिर के पास से दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजीत विश्वकर्मा पुत्र मुन्ना विश्वकर्मा निवासी गौरियान बस्ती, रमईपट्टी थाना कोतवाली शहर तथा संतोषी देवी पत्नी स्वर्गीय विकास दूबे निवासी पश्चिम महाल थाना विंध्याचल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से 28.68 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 21,090 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना कोतवाली देहात में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बरकछा उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, उपनिरीक्षक शिवजी यादव एवं थाना कोतवाली देहात की पुलिस टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

