सोनभद्र में तस्कर गिरफ्तार, 22 लाख की हेरोइन बरामद
सोनभद्र, 04 अप्रैल (हि.स.)। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस व एसओजी की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 101.76 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रूपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को बताया कि बमनौली चौराहे पर बीती रात दो बजे पुलिस टीम द्वारा गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बभनौली चौराहे के पास एक संदिग्ध मोटर साइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने फौरन उसका पीछा किया और हिन्दुआरी पुल के पास उसे पकड़ लिया। पुलिस टीम द्वारा उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 101.76 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 22 लाख रूपये है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह निवासी रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है। पुछताछ करने पर गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त अवैध हेरोइन को खरीदकर बिक्री हेतु ले जा रहा था। अभियुक्त के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

