लापता युवक का शव पेड़ पर लटका मिला, परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका
हाथरस, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सादाबाद काेतवाली क्षेत्र के गांव गुतहरा के नगला बंजारा निवासी 22 वर्षीय राजेंद्र पुत्र मानसिंह का शव खंदौली थाना क्षेत्र में पीरौठा और नेहर्रा के बीच करवन नदी के पास एक पेड़ पर लटका मिला। राजेंद्र मंगलवार से लापता था।
राजेंद्र के परिजन मंगलवार से ही उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान कुछ महिलाएं करवन नदी के पास घास लेने गईं। उन्होंने वहां एक पेड़ पर राजेंद्र का शव लटका देखा। महिलाओं ने तुरंत ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की। पेड़ के नीचे से मृतक के जूते भी मिले हैं। राजेंद्र अविवाहित था और परिजनों ने राजेंद्र की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की सही जांच और घटना का जल्द पता लगाने की मांग की है। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि राजेंद्र मंगलवार से कहां था, वह करवन नदी के पास कैसे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

