हाथरस में बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता को मारी गोली, गंभीर हालत में आगरा रेफर
हाथरस, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में रसगवां-आरती मार्ग पर रविवार देर रात प्रकाश नगर निवासी अधिवक्ता सचिन सिसोदिया पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की। गाेली अधिवक्ता के हाथ में लगी और वे सड़क पर गिर गये। घायल सचिन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
30 वर्षीय सचिन सिसोदिया पुत्र ओम प्रकाश सिसोदिया अपने पैतृक गांव रसगवां से बाइक से सादाबाद लौट रहे थे। रसगवां और आरती गांव के बीच पहले से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों ने अधिवक्ता पर हमला किया। गोली लगने से सचिन बाइक से गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सहपऊ थाना पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, बाजू में गोली लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण युवक को आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है। सहपऊ थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घटना की पूरी तरह से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने के बाद ही घटना की तह तक पहुंचा जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

