home page

हाथरस : किसान की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

 | 
हाथरस : किसान की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार


हाथरस, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में थाना सादाबाद क्षेत्र के ग्राम घूंचा में खेत की जुताई करते समय हुई किसान महीपाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित जंगजीत पुत्र हरि सिंह निवासी नगला मोहनलाल को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे महीपाल सिंह अपने छोटे बेटे रमन के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर जुताई करने गए थे। रमन खेत के कोने बना रहा था, जबकि महीपाल ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जंगजीत अपनी पत्नी और बेटे के साथ लाठी-डंडे, सरिया और फावड़ा लेकर खेत पर पहुंचा और महीपाल पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में उनकी मौत हो गई और बाद में उनके ऊपर ट्रैक्टर का कल्टीवेटर डाल दिया गया। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर पांच टीमें गठित की गई थीं। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह की टीम ने 8 अक्टूबर को आरोपित जंगजीत को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना