मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जौनपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके से उसका एक साथी फरार हो गया है, जिसकी पुलिस टीम तलाश कर रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में नेवढ़िया पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने का प्रयास किया।
नेवढ़िया पुलिस ने उसका पीछा किया और जलालपुर पुलिस व सीतमसराय चौकी को सूचना देकर घेराबंदी कराई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान अरविंद राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम महेश यादव निवासी महरेवं, थाना जलालपुर बताया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अरविंद के खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

