हमीरपुर में शादी समारोह में आए युवक की गोली मार कर हत्या ,आराेपित फरार
परिजनों ने चचेरे साले पर हत्या करने का लगाया आरोप
हमीरपुर, 14 मई ( हि. स.)! उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में बुधवार रात शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या करने कर दी गयी। सड़क किनारे खून से लथपथ शव देख इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सीने में गोली लगने का निशान मिलने के बाद ससुर ने अपने भतीजे पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पाटनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र शुभकरन सिंह बुधवार रात रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए छानी गांव स्थित एक गेस्ट हाउस आया था। उसका शव सड़क किनारे डिवाइडर के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा धर्मपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि सचिन की रंजिशन हत्या की गई है। उनका कहना है कि सचिन के सीने में गोली लगने का निशान था और उसकी शर्ट के बटन टूटे हुए थे, जिससे संघर्ष की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं मृतक के ससुर छोटेबाबा ने अपने ही भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक शादी समारोह के दौरान सचिन और आरोपी युवक के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद सचिन की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
घटना के बाद से आरोपित युवक फरार बताया जा रहा है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने गुरुवार काे बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया मृतक के सीने में गोली लगने के निशान पाये गए है। जाँच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

