home page

महोबा के चर्चित किरन पुरवार हत्याकांड का खुलासा, नौकरानी ने बेटे संग की थी हत्या, दोनों गिरफ्तार

 | 
महोबा के चर्चित किरन पुरवार हत्याकांड का खुलासा, नौकरानी ने बेटे संग की थी हत्या, दोनों गिरफ्तार


महोबा, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिला मुख्यालय में पुलिस ने चूड़ी के एक टुकड़े से सनसनीखेज किरन पुरवार हत्या का खुलासा किया है। घर के कामकाज में डांट मिलने से नाराज नौकरानी ने अपने बेटे के साथ मिलकर मालकिन किरन पुरवार की हत्या कर अपनी बेइज्जती का बदला लिया था। पुलिस ने लकवा ग्रसित मालकिन की हत्या करने के आराेप में आरोपित नाैकरानी आशा रैकवार और उसके बेटे सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने जांच के दाैरान चूड़ी के टुकड़े का मिलान नाैकरानी की चूड़ी से हाे गया और पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

सदर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि 25 फरवरी को जनपद मुख्यालय के खोया मंडी निवासी दुकानदार संतोष पुरवार ने पुलिस काे जानकारी दी थी कि वे अपनी पत्नी किरन पुरवार के साथ रह रहे थे। पत्नी किरन पैरालिसिस की बीमारी से जूझ रहीं थीं। दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो गई है । घर पर पत्नी अकेली रहती थी, जिसकी देखभाल के लिए आशा नाम की महिला को काम पर रखा था। जो पिछले 8 वर्षों से उनके यहां सेवा दे रही थी।

संतोष पुरवार के अनुसार 25 फरवरी को रात में जब घर पहुंचे तो बाहर का दरवाजा खुला था और अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। बीमार पत्नी बेड पर मृत पड़ी थी और उसके दोनों कानों से कुंडल गायब थे। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की।

सदर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आशा रैकवार पिछले 8 वर्षों से किरन पुरवार के यहां काम कर रही थी। घर के सारे काम काज करती थी। जहां मालकिन छोटी- छोटी बातों पर उसे डांट फटकार देती थी, जिससे उसकी बेइज्जती हो जाती थी। इससे परेशान हाेकर उसने मौका पाकर अपने बेटे सोनू (27) के साथ मिलकर तकिया से मुंह दबा मालकिन किरन को मौत की नींद सुला दिया और हत्या की वारदात को चोरी का रूप देने के लिए उनके कानों से कुंडल उतार लिए। घटना स्थल पर उन्हें चूड़ी का एक टूटा हुआ टुकड़ा मिला, जिससे सनसनीखेज वारदात से राजफाश हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी