हमीरपुर : सिर कटी महिला की लाश की नहीं हुई शिनाख्त, पुलिस ने कराया कराया पोस्टमार्टम
हमीरपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव के जंगल में मिले सिर कटी महिला के शव की 72 घंटे बाद भी पहचान नहीं हो सकी। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम हमीरपुर में कराया। वहीं महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
गुरुवार शाम पुलिस को गिरवर गांव के जंगल में सिर कटा 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। पुलिस ने रात ही जंगल में सिर की तलाश की। लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर महिला का सिर बरामद हुआ था। वहीं सिर से उखड़े बाल दूसरी दिशा में करीब 100 मीटर दूर मिले थे। महिला की साड़ी और बाल भी जले हुए पाए गए थे।
महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस ने शव को सीएचसी की मोर्चरी में 72 घंटे तक रखवाया था। समय पूरा होने के बाद भी पहचान नहीं हो सकी। सोमवार को मझगवां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मझगवां थानाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बताया कि तीन-चार लोग महिला के शव की पहचान करने पहुंचे थे। लेकिन हुलिया और सामान देखकर उन्होंने पहचान से इन्कार कर दिया। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पड़ोसी जनपदों में भी सूचना भेजी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

