हमीरपुर : डंपर चालक के रुपये चोरी करने में उपनिरीक्षक की पिटाई, मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद में स्थित यमुना पुल के निकट सोमवार को डंपर चालक के रुपये की चोरी करने के मामले में एक उपनिरीक्षक को पीटने की घटना सामने आई है। बताया जाता है कि तलाशी में चोरी के रुपये दराेगा के पास बरामद हाेने से नाराज चालक और भीड़ ने बीच सड़क उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सरेआम उपनिरीक्षक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से लाेगाें में उक्त प्ररकण चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा हमीरपुर में तैनात है। वर्तमान में उपनिरीक्षक की न्यायालय परिसर पर तैनाती है। साेमवार काे एक डंपर घाटमपुर से हमीरपुर आ रहा था। आराेप है कि उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा रास्ते में डंपर पर सवार हुआ और हमीरपुर आने से पहले चालक महेश के 20 हजार रुपये चाेरी कर टाेल प्लाजा के पास उतरकर वैन में सवार हो गए। चालक ने अपने रुपये गायब होने पर दरोगा का पीछा किया और हमीरपुर शहर के यमुना पुल पर पकड़ लिया। दराेगा की तलाशी लेने पर चोरी किए 20 हजार रुपये वर्दी के अंदर से सड़क पर बिखर गए। दराेगा द्वारा रुपये चाेरी की जानकारी पर चालक के साथ स्थानीय लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना पाते ही यूपी-112 पुलिस ने मौके पर पहुंची और दरोगा के साथ डंपर चालक को कोतवाली ले गई।
सदर कोतवाली प्रभारी रामआसरे सरोज ने बताया कि डंपर चालक महेश कुमार बहराइच का रहने वाला है। उसने दरोगा पर 20 हजार रुपये की चोरी करने के आरोप लगाया है। चालक ने तलाशी में रुपये भी बरामद कर लिए हैं। मामले में चालक की तहरीर पर दरोगा गिरीश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

