home page

हमीरपुर : तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में फरार दूसरा आरोपित भी गिरफ्तार,भेजा गया जेल

 | 
हमीरपुर : तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में फरार दूसरा आरोपित भी गिरफ्तार,भेजा गया जेल


हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मुस्करा क्षेत्र में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपित गोविंद को भी बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बीते दिनों मुस्करा थाना क्षेत्र में 3 वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया था। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम और क्षेत्र में भारी आक्रोश था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के तुरंत बाद पहले आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दूसरा आरोपित मौके से फरार हो गया था। दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुस्करा थाना प्रभारी के नेतृत्व में दो टीमें लगाई गई थीं। लगातार दबिश और मुखबिर की मदद से पुलिस ने आखिरकार दूसरे आरोपित को भी धर दबोचा।

थाना प्रभारी ने कौशल सिंह ने बुधवार को बताया कि आरोपित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा में मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है। ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोनों आरोपिताें को जल्द से जल्द फांसी जैसी कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा