युवक पर जानलेवा हमला कर दोनों हाथ काटने के मामले में एक और गिरफ्तार, स्थानीय नेता अब भी फरार
महोबा, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में राजमार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला कर दोनों हाथ काटकर मरणासन्न करने के मामले में दर्ज अभियोग में शुक्रवार काे वांछित एक और युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को मामले में अब तक तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि एक आराेपित फरार है। वहीं घटना में घायल जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर का दिल्ली में उपचार चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
जनपद मुख्यालय से गुजरे कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की देर रात दबंगों ने तेल डलवाने पहुंचे मुख्यालय निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर को घेरकर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने निर्दयता दिखाते हुए घायल युवक के दोनों हाथ काट दिए थे जबकि उसके पैरों और सिर में भी गंभीर चोटें आईं थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। सनसनीखेज घटना से इलाके में सनसनी और दहशत एवं भय का माहौल बन गया था।
घायल के पिता बाबूसिंह की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह परमार, रोहित बेड़िया , उसके भाई और दो अज्ञात समेत पांच पर बलवा, जानलेवा हमला सहित अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज किया था। शुक्रवार को स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया कि जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त जनपद मुख्यालय के समद नगर निवासी अभिषेक पुत्र शिवराम श्रीवास गिरफ्तार किया गया है । अभी तक मामले में तीन आरोपिताें अभिषेक श्रीवास, रोहित बेड़िया, और नादिर पुत्र असलम उर्फ शमां टेलर की गिरफ्तारी हो चुकी है अन्य हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमों के द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

