हमीरपुर : फल विक्रेता की मौत पर भड़का आक्रोश, शव रखकर परिजनों ने कालपी स्टेट हाइवे पर लगाया जाम
-पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि के बाद परिजनों का प्रदर्शन-सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर बैठकर जताया विरोध, मौत के खुलासे की मांग
हमीरपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में तीन दिन पूर्व अचेत मिले फल विक्रेता की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई। इलाज के दौरान सिटी स्केन में चिकित्सक ने मेटैलिक सब्सटेंस होने की जानकारी दी। इसके बाद पैनल गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि हुई। फल विक्रेता की हत्या की जानकारी मिलते ही परिजनों ने सोमवार को हत्या का खुलासा और सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर कालपी स्टेट हाइवे स्थित कालपी चौराहा में बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के आला अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे। खबर लिखे जाने तक लगभग दो से तीन किमी लंबा जाम लगा है।
सदर कोतवाली के गौरा देवी वार्ड निवासी राजू निषाद (40) पुत्र मनफूल बीते 16 अक्टूबर को कालपी चौराहा में फल की दुकान लगाए था। इसी दौरान शाम को अचेत होकर गिर गया। जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सकों ने राजू की गंभीर हालत होने पर हायर सेंटर कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान उसका सिटी स्केन कराया गया था, जिसमें चिकित्सक ने मेटैलिक सब्सटेंस होने की जानकारी दी। रविवार को उसकी मौत हो गई। हत्या का संदेह होने पर पैनल गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि हुई। मृतक के परिजनों को हत्या की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया।
परिजनों ने सैकड़ों महिलाओं संग सोमवार को राजू का शव कालपी चौराहा में बीच सड़क पर रखकर कालपी स्टेट हाइवे जाम कर दिया। जाम की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली सहित छह थानों का फोर्स तैनात किया गया। साथ ही सदर एसडीएम अभिषेक कुमार, अपर एसपी अरविंद कुमार वर्मा सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास करने में जुटे हैं। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक आक्रोशित परिजनों सहित सैकड़ों महिलाएं विभिन्न मांगों को लेकर जाम लगाए रहे। घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड यूनिट एवं डॉग स्कॉट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार वर्मा ने सोमवार को शाम बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, प्रदर्शन कर रहे परिजन राजू की मौत की सच्चाई सामने लाने की मांग पर अड़े हैं। आक्रोशित परिजनों द्वारा जाम लगाने के दौरान मृतक के भाई ने एक संदिग्ध महिला पर हत्या का शक जताते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। जिसे पुलिस ने मौके से हटाकर कोतवाली भेज दिया है। वहीं भीड़ में एक युवक द्वारा महिला के साथ छेड़खानी करने पर आक्रोशित महिला ने युवक पर थप्पड़ और चप्पलों से बरसात कर दी। मृतक के परिजनों ने दोपहर लगभग साढ़े बजे स्टेट हाईवे कालपी चौराहा में जाम लगाना शुरू कर दिया था। धीरे धीरे जाम ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि पुलिस के आला अधिकारी परिजनों को समझाते रहे। इस दौरान लगभग दो से तीन किमी लंबा जाम लगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

