हमीरपुर में चक्काजाम,थाने में मारपीट प्रकरण में दूल्हे सहित 40 बारातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीन गिरफ्तार
हमीरपुर, 15 मई ( हि. स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाने में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी वैधानिक कार्यवाही की है। शुक्रवार को पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एएसपी एके वर्मा ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और नेशनल हाईवे जाम करने के आरोप में दूल्हा दीपक समेत पांच नामजद और 35 अज्ञात बारातियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटनाक्रम की शुरुआत गुरुवार काे मुस्करा के विक्रम पैलेस के सामने हुए एक हादसे से हुई, जिसमें एक बच्चे की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित बारातियों और परिजनों ने राठ-हमीरपुर हाईवे पर शव रखकर करीब 3 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। हाईवे जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने और मामले को शांत कराने के प्रयासों के बीच स्थिति तब और बिगड़ गई जब उपद्रवी बाराती मुस्करा थाने के भीतर जा घुसे। बारातियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर थाने पर हमला बोल दिया ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एएसपी ने बताया कि दूल्हा दीपक सहित 5 लोगों को नामजद किया गया है । इसके अलावा 35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है आरोपिताें पर सरकारी काम में बाधा डालने, बलवा करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसपी ने बताया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। इस कार्यवाही के बाद से क्षेत्र के असमाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

