home page

नदी किनारे मंदिर के वृद्ध पुजारी का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 

हमीरपुर 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकांदर गांव में बेतवा नदी किनारे रविवार को साधु वेशधारी 75 वर्षीय वृद्ध का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्षेत्र के मोराकांदर ग्राम प्रधान ने ललपुरा पुलिस को सूचना दी कि बेतवा नदी किनारे किसी वृद्ध साधु का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ग्राम अचपुरा स्थित गुनु बाबा मंदिर के 75 वर्षीय पुजारी लल्लू प्रजापति पुत्र लुखरू प्रजापति के रूप में हुई। थाना प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा