बेटी के निकाह के लिए रखी रकम चोर ले गये, गरीब पिता को सता रही चिंता
हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में थाना सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम कैथी में बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई गरीब परिवार की जमा पूंजी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है ।
ग्राम कैथी निवासी रफीक खां पुत्र अजीत खां ने बताया कि उसने अपनी बेटी के निकाह के लिए 1,23,000 रुपए जमा किए थे। आरोप है कि 28 अप्रैल की रात करीब एक बजे मौदहा निवासी अलीमुहम्मद पुत्र खुदाबख्श और इमरान पुत्र मरहूम इकबाल घर में घुस आए और रखी नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार, चोरी के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। बेटी की शादी को लेकर पूरे परिवार की चिंता बढ़ गई है। रफीक खां का कहना है कि घटना के बाद से वह चौकी और थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपिताें की जानकारी और साक्ष्य देने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। इससे उसे न्याय मिलने की उम्मीद टूटती नजर आ रही है।
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने तथा उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है। सुमेरपुर थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

