गाजीपुर पुलिस ने 49 गैंगों को चिन्हित कर 401 सदस्यों की जारी की सूची
गाजीपुर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सक्रिय अपराधिक गैंगों के विरूद्ध पांच दिन चलाए गये विशेष अभियान वज्रपात के तहत पुलिस ने 49 गैंगों को चिन्हित कर उनके 401 सदस्यों की सूची जारी कर दी है।
पुलिस अधीक्षक डा. ईरज रजा ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि जनपद के प्रचलित कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग, बुद्धन गैंग, महाकाल गैंग, यादव गैंग, शेरे पूर्वांचल गैंग, भुड़कुड़ा 5581 गैंग, शुभम यादव गैंग, हंटर गैंग समेत 49 गैंगों की सूची जारी की है। इसमें गैंग लीडर के नाम सहित 401 सदस्यों के नाम भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 39 अपराधिक मुकदमे दर्ज किये हैं और 11 लोगों की गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि यह गैंग एक साथ कई बाइकों पर सवार होकर लोगों को परेशान करते हैं। सोशल मीडिया पर आक्रामक पोस्ट, अवैध शस्त्रों के साथ फोटो डालते हैं। फेसबुक लाइव और इंस्टाग्राम के माध्यम से रील्स बनाकर अपराधिक घटनाओं को रिकार्ड कर पोस्ट करते हैं। प्रचलित विवादों में दखल देकर उद्दंडता करते हैं। पुलिस ने पांच दिवसीय विशेष अभियान ऑपरेशन वज्रपात इनके खिलाफ चलाया है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील किया है कि इन गैंगों के खिलाफ कोई भी सूचना हो ताे व्हाट्सएप पुलिस सर्तक मित्र चैट बाट नम्बर 7839860411 पर संपर्क करें, आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

