home page

मुठभेड़ में किसान को गोली मारने वाला बदमाश गिरफ्तार

 | 
मुठभेड़ में किसान को गोली मारने वाला बदमाश गिरफ्तार


नोएडा, 07 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान के ऊपर गोली चलाकर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को थाना दनकौर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी है। इस घटना में शामिल तीन बदमाश अभी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने मंगलवार काे बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र के ग्राम अट्टा फतेहपुर में रहने वाले कासिम (48) और उनके भाई के ऊपर चार लोगों ने सोमवार की शाम को उसे समय ताबड़तोड़ गोली चलाई जब वे लोग खेत में काम कर रहे थे। इस घटना में कासिम के जबड़े में गोली लग गई। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। परिजनाें की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली की खजूर वाले बाबा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर सोमवार की शाम को जानलेवा हमला करने वाले बदमाश खड़े हैं, तथा कहीं भागने की फिराक में है।

उन्होंने बताया कि पुलिस उनकी तलाश में चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक बदमाश आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। जब पुलिस ने उसे घेर लिया तो उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें ग्राम अट्टा निवासी आजम के पैर में गाेली लगने से घायल हाे गया। पुलिस काे उसके पास से देशी तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया है।

डीसीपी ने बताया कि इस मामले में कासिम ने बीती रात को सलमान, कायदे आजम, शमशेर और जैद को नामित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व दोनों पक्षों में बच्चों के झगड़े को लेकर विवाद हुआ था। तब गांव के लोगों ने इस मामले में समझौता करवा दिया था। सोमवार की शाम को जब कासिम और उनके भाई अफसर खेत में काम कर रहे थे, तभी वहां पर अवैध हथियार लेकर आए उपराेक्त लाेगाें ने उन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। एक गोली कासिम को लगी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी