home page

जौनपुर दूल्हा हत्याकांड : आरोपित के घर से 2.33 लाख रुपए की अवैध दवाएं बरामद, पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त छापेमारी में खुलासा

 | 
जौनपुर दूल्हा हत्याकांड : आरोपित के घर से 2.33 लाख रुपए की अवैध दवाएं बरामद, पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त छापेमारी में खुलासा


जौनपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित शाहगंज कोतवाली थाना के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में एक नया खुलासा सामने आया है। मामले के आरोपित शुभम सिंह के घर पर गुरुवार देर रात पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध एलोपैथिक दवाएं बरामद की हैं। इसकी कीमत 2 लाख 33 हजार 860 रुपये है।

कार्रवाई खेतासराय थाना क्षेत्र के सरवरपुर वार्ड नंबर-1 स्थित मकान नंबर 70 में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दूल्हा हत्याकांड के आरोपी शुभम सिंह के घर में बिना लाइसेंस के अवैध रूप से दवाओं का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की।

छापेमारी के दौरान आरोपित की मां संगीता सिंह घर पर मौजूद थीं। तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं मिलीं, जिनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद अधिकारियों ने दवाओं को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने मौके पर दवाओं के दो अलग-अलग सैंपल एकत्र कर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिए। वहीं ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत शेष दवाओं को सूचीबद्ध कर चार प्लास्टिक की बोरियों में भरकर सील कर दिया गया।

इस संबंध में शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने बताया कि बरामद दवाओं की लैब रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने तथा विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में मामला दर्ज कराया जाएगा

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव