home page

सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाले गैंग के 9 चोर गिरफ्तार

 | 
सरकारी स्कूलों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाले गैंग के 9 चोर गिरफ्तार


गोरखपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर की थाना पीपीगंज पुलिस ने सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी संस्थानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3.10 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।

मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह भी उपस्थित रहे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में रमेश उर्फ सूईत, अनिल, प्रवीण यादव, सन्नी गौड़, गंगा सागर मद्देशिया, गोपीचंद मद्देशिया, बाल मुकुन्द उर्फ मक्कू, यशपाल उर्फ मुन्ना यादव और शेषमणि निषाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह सभी आरोपित संगठित गिरोह बनाकर सुनसान सरकारी भवनों को निशाना बनाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि 8 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय ताललिखिया में चोरी की घटना हुई थी, जहां से गैस सिलेंडर, चूल्हा, राशन सामग्री और निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लोहे के एंगल चोरी कर लिए गए थे। वहीं 22 मई 2026 को बैरघट्टा पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर सेट और प्रिंटर चोरी कर लिया गया था। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना पीपीगंज में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।

पूछताछ के दौरान आरोपिताें ने बताया कि वे रात के समय सुनसान सरकारी भवनों की रेकी करते थे और दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर घुस जाते थे। इसके बाद गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, एलईडी टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर बाजार में बेच देते थे।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 5 गैस सिलेंडर, 4 एलईडी टीवी, 1 एचपी मॉनिटर, 1 यूपीएस, 1 की बोर्ड व माउस, 1 प्रिंटर तथा 1 मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सामान थाना सहजनवां और थाना कैम्पियरगंज में दर्ज चोरी के मामलों से भी संबंधित पाया गया है, जिससे कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि गिरोह पेशेवर तरीके से अपराध को अंजाम देता था।

इस संबंध में थाना पीपीगंज पर मु0अ0सं0 117/26 एवं 175/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय