युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी पर आरोप के बाद बवाल, पथराव में दो सिपाही घायल
गोरखपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहिया में रविवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान मृतक की पत्नी पर आरोप लगाते हुए ससुरालीजन ने मारपीट की। बचाव में पुलिस पर भी हमला किया। प्रकरण में पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पंकज निषाद पुत्र ब्रह्मदेव निषाद निवासी ककरहिया ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर मौजूद परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक ने यह कदम अपनी पत्नी प्रतिमा के कारण उठाया है। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिजन मृतक की पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और सरकारी वाहन से थाने भेजने की व्यवस्था की।
इसी दौरान मृतक के परिवार के ही किसी सदस्य द्वारा पुलिस की सरकारी जीप पर ईंट फेंकी गई, जिससे दो कांस्टेबल घायल हो गए।
पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू किया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी को सुरक्षित थाना पिपराइच पहुंचाया है।
मामले में थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि एक युवक के आत्महत्या मामले की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर गई थी। इस दौरान मृतक की पत्नी पर ससुरालयों ने आरोप लगाते हुए मारपीट की शुरू कर दी बचाव में उन्होंने पुलिस पर भी हमला किया है इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

