अस्पताल से चोरी हुआ 25 केवी का जेनरेटर बरामद, मैनेजर गिरफ्तार
गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। चिलुआताल थाना पुलिस ने बुधवार काे एक अस्पताल से 25 केवी का जेनरेटर चोरी किए जाने की घटना का खुलासा करते हुए अस्पताल के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर सिक्टौर क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास छिपाकर रखा गया चोरी का जेनरेटर भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर काफी ऋण था और उसने जेनरेटर बेचकर आर्थिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से चोरी की थी।
थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि 14 सितंबर की रात चन्द्रा हॉस्पिटल परिसर में इस्तेमाल होने वाला 25 केवी का जेनरेटर चोरी हो गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर चिलुआताल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई।
विवेचना के दौरान अस्पताल के मैनेजर राजेंद्र कुमार उपाध्याय उर्फ राज की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपित पर काफी कर्ज था। उसने जेनरेटर को चोरी कराकर बेचने और उससे प्राप्त रकम से आर्थिक लाभ हासिल करने की योजना बनाई। योजना को अंजाम देने के लिए उसने क्रेन और डीसीएम वाहन की व्यवस्था की। 14 सितंबर की रात क्रेन की मदद से जेनरेटर को अस्पताल परिसर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे डीसीएम के जरिए सिक्टौर क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास ले जाकर छिपा दिया। आरोपित की मंशा बाद में जेनरेटर को बेचकर रकम हासिल करने की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आराेपित काे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चाेरी गया
25 केवी जेनसेट भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपित राजेंद्र कुमार उपाध्याय को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

