home page

विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपित कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

 | 

-एक लाख रुपये का इनामी बदमाश था कमलेश चौधरी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई मौत-मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्र को लगी गोली, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

गाजीपुर, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के चर्चित युवा होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी को पुलिस ने बुधवार शाम मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्र भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपित कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पूरे इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने कमलेश चौधरी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की ओर से की गई गोलीबारी में स्वॉट टीम प्रभारी रोहित मिश्र घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

एसपी डॉ. ईरज राजा ने पत्रकारों को बताया कि कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में नामजद एवं वांछित आरोपित था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घायल स्वाट प्रभारी रोहित मिश्र का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

——————————————————

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी