पचास लाख के गांजा संग 5 गिरफ्तार, उड़ीसा से लाकर पूर्वांचल में बेचते थे गांजा
मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए पड़री थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 50 लाख रुपये कीमत का अवैध गांजा बरामद कर पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान यूपी 32 एफवी 0200 नंबर की होंडा सिटी कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में छिपाकर रखा गया 100.60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों में सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह, सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर मिश्रा, विकास तिवारी उर्फ विक्कू, राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी और पवन पांडेय शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे संबलपुर से गांजा लाकर मीरजापुर, प्रयागराज व आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। बिक्री से मिली रकम को आपस में बांटकर ऐशो-आराम में खर्च करते थे। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दया राम यादव व एसओजी/सर्विलांस प्रभारी राजीव सिंह की टीम की अहम भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

