पुलिस ने की आगरा के दो गैंगस्टरों की 37 लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क
फिरोजाबाद, 23 मई (हि.स.)। थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शनिवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत आगरा के दो अभियुक्तगण की 37 लाख से अधिक की अचल सम्पत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की है। अभियुक्तगण द्वारा अपराध कारित कर अवैध अचल सम्पत्ति अर्जित की गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत आदतन एवं संगठित होकर गम्भीर अपराधों को अंजाम देने वाले गैंगस्टर अभियुक्तों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी के क्रम में थाना रसूलपुर प्रभारी प्रदीप कुमार ने पुलिस व राजस्व टीम के साथ गैंगस्टर एक्ट थाना रामगढ़ से सम्बन्धित अभियुक्त प्रदीप कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी हीरालाल की बगीची यमुना ब्रिज छाया थाना एत्मादौला जनपद आगरा की अचल सम्पत्ति जिसकी अनुमानित कीमत 18,81,225 रुपये है व अभियुक्त गौरव सिंह पुत्र अजीत सिह निवासी गढ़ी जगन्नाथ रहनकला, थाना एत्मादपुर जनपद आगरा की अचल सम्पत्ति अनुमानित कीमत 18,81,225 रुपये को अन्तर्गत धारा 14(1) गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 में कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई है।
थाना रसूलपुर पुलिस टीम द्वारा पूर्व में भी इस गिरोह के अन्य अभियुक्त मायाराम की 08 लाख 08 हजार, सुशील कुमार उर्फ सट्टा की 31 लाख 65 हजार नौ सौ बावन रुपये, राशिद की 38 लाख 02 हजार पाँच सौ चौवन रुपये, भीमसेन की 13 लाख 39 हजार सत्तर रुपये की अचल सम्पत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

