मीरजापुर: चार आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई
मीरजापुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव के चार आरोपितों के विरुद्ध जिलाधिकारी के अनुमोदन पर बुधवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोनगढ़ा निवासी पिंटू, विवेक, आजाद और प्रदीप उर्फ दीपक के खिलाफ पूर्व में महिला संबंधी अपराध सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। गैंग लीडर पिंटू के खिलाफ हाफ एनकाउंटर की कार्रवाई भी हो चुकी है। वर्तमान में चारों आरोपित जेल में बंद हैं।
आरोपितों की आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई को मंजूरी दी।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

