नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के दाे आरोपित गिरफ्तार
मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। थाना कछवां क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के परिजन की ओर से थाना कछवां में लिखित तहरीर देकर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। निर्देश के क्रम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान मय पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी शिवा गौड़ उर्फ कल्लू पुत्र संतोष गौड़ एवं करन साहनी पुत्र राम सेवक साहनी निवासी विदापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

