नर्सरी कारोबारी के खाते में साइबर ठगाें ने पार किए 46,300 रुपये
फर्रुखाबाद, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में साइबर ठगों ने नर्सरी कारोबारी के खाते से 46,300 रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर रकम कटने का संदेश मिलने पर कारोबारी को ठगी की जानकारी हुई। लेनदेन का विवरण खंगालने पर एक व्यक्ति का नाम सामने आया। पीड़ित ने कायमगंज कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पपड़ी खुर्द गांव निवासी सद्दाम खां पुत्र शैनूर खां नर्सरी का कारोबार करते हैं। उन्होंने रविवार पुलिस को बताया कि 27 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे उनके मोबाइल पर एक संदेश आया। इसके कुछ ही देर बाद उनके फोन-पे खाते से 46,300 रुपये निकल गए। खाते से बड़ी रकम कटने का संदेश मिलते ही उन्होंने लेनदेन का ब्योरा खंगाला।
सद्दाम के मुताबिक, ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाने पर मोहम्मद उमर फारूकी का नाम सामने आया। हालांकि, उनके खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और किस खाते में स्थानांतरित हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। साइबर ठगी की आशंका पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित लेनदेन की जांच कराने, रकम जिस खाते में स्थानांतरित हुई उसका पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
संदिग्ध लिंक और ओटीपी से रहें सावधान
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ ओटीपी साझा न करें। अज्ञात व्यक्ति के कहने पर भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी करने से भी बचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

