ई-रिक्शा में महिलाओं ने उड़ाए 13 लाख के जेवर, शादी में जा रही महिला टप्पेबाजी का शिकार
औरैया, 07 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधूना कोतवाली क्षेत्र में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने जा रही एक महिला ई-रिक्शा में टप्पेबाजी का शिकार हो गई। सफर के दौरान दो शातिर महिलाओं ने बातों में उलझाकर उसके पर्स से करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर पार कर दिए। घटना का पता घर पहुंचने पर चला, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बेला निवासी कंचन, पत्नी आशुतोष शुक्ला, सोमवार को अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए विधूना आई थीं। वहां से वह ई-रिक्शा में सवार होकर रुरुकला गांव जा रही थीं। रास्ते में दो अज्ञात महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में बैठ गईं।
रुरुगंज के निकट पहुंचने पर उन महिलाओं ने कंचन से कहा कि उनका पर्स खुला हुआ है। इस पर उन्होंने पर्स का लॉक बंद कर लिया, लेकिन इसी दौरान शातिर महिलाओं ने मौका पाकर पर्स में रखे कीमती जेवर निकाल लिए। रुरुगंज में उतरने के बाद कंचन अपने गांव पहुंच गईं।
घर पहुंचकर जब उन्होंने पर्स खोला तो उसमें रखे सभी सोने के जेवर गायब थे। यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और वह रोने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी स्तब्ध रह गए।
पीड़िता के अनुसार चोरी हुए जेवरों में एक सोने का हार, एक ब्रेसलेट, एक मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ियां, चार महिलाओं की अंगूठियां, दो सोने की चेन तथा एक पुरुष की सोने की अंगूठी शामिल है। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। कोतवाली प्रभारी वीनेश कुमार ने मंगलवार काे बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

