home page

बुक सेलर बनकर ठगी, साइबर सेल ने वापस कराए 1.05 लाख रुपये

 | 
बुक सेलर बनकर ठगी, साइबर सेल ने वापस कराए 1.05 लाख रुपये


मीरजापुर, 08 अगस्त (हि.स.)। बुक सेलर बनकर महिला से ऑनलाइन ठगी करने के मामले में कछवां पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की गई एक लाख पांच हजार 876 रुपये की रकम शनिवार को वापस करा दी। रकम खाते में पहुंचने पर महिला ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम का आभार जताया।

कछवां थाना क्षेत्र के पड़ेरी गांव निवासी उषा सिंह पत्नी संतोष कुमार सिंह ने 20 मई को ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने बुक सेलर बनकर उनसे 1,17,876 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कछवां थाने की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई की। इसके बाद ठगी की रकम में से 1,05,876 रुपये सफलतापूर्वक पीड़िता के खाते में वापस करा दिए गए। रकम वापस मिलने के बाद उषा सिंह थाने पहुंचीं और पुलिस टीम का आभार जताया। साइबर सेल ने उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, कांस्टेबल संजीत कुमार मौर्य, रिजर्व कांस्टेबल कृष्ण कुमार और रिजर्व महिला कांस्टेबल सुधा शामिल रहीं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा