एक साल बाद लौटे ठगी के रुपये, पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को राहत
मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के परसिया खुर्द गांव निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन ठगी के एक साल बाद उसकी पूरी धनराशि वापस मिल गई। पुलिस की सक्रियता से मिली इस सफलता के बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली।
तीन अप्रैल 2025 को राजपति के खाते से अज्ञात साइबर ठग ने 7500 रुपये निकाल लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में साइबर सेल में तैनात कांस्टेबल विश्वनाथ प्रताप ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खातों और लेनदेन की जांच शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। एक साल बाद रुपये वापस मिलने पर राजपति के चेहरे पर खुशी लौट आई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है, जिससे पुलिस को कार्रवाई में मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

