प्रसूता योजना के नाम पर ठगी, साइबर सेल ने वापस कराए रुपये
मीरजापुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रसूता को सरकारी लाभ दिलाने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में संतनगर थाना साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 10,600 रुपये वापस कराए।
पटेहरा कला निवासी विश्वम्भर ने 13 दिसंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने प्रसूता योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे रुपये ठग लिए। शिकायत के बाद साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। शुक्रवार को पैसा वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया। इस दौरान साइबर सेल ने पीड़ित को जागरूक करते हुए लोगों से ऐसे झांसे से बचने की अपील की। कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सुशील कुमार व आरक्षी विकास कुमार शामिल रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

