home page

एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 55 लाख की ठगी, एक हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

 | 
एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 55 लाख की ठगी, एक हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


- फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र दिखाकर बेरोजगार युवाओं को बनाता था निशाना, खुद को बताता था रेलवे डीआरएम का स्टेनो

सोनभद्र, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सात-आठ लोगों से करीब 55 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। आरोपित बेरोजगार युवाओं को फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र दिखाकर रकम ऐंठता था। वह खुद को रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) का स्टेनो बताता था।

अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने शुक्रवार को बताया कि देवरिया जिले के सिरवनीयां, पोस्ट कंचनपुर निवासी दयानंद शर्मा ने 26 नवंबर को रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने एफसीआई में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित के मुताबिक वह अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के जरिए 8.14 लाख रुपये दे चुका था। इसके बाद आरोपितों ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से तैयार फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र दे दिया। दस्तावेजों पर संदेह होने पर शेष रकम देने से इनकार किया और पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई।

एएसपी के मुताबिक पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह खुद को रेलवे डीआरएम का स्टेनो बताकर उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में रेलवे तथा एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगता था। अब तक सात से आठ लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने शुक्रवार सुबह 7:40 बजे मुखबिर की सूचना पर बुढ़िवार पुलिया के पास से आरोपित मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी