home page

मीरजापुर : मेट्रिमोनी प्लान के नाम पर ठगी, साइबर सेल ने लौटाए 20 हजार रुपये

 | 
मीरजापुर : मेट्रिमोनी प्लान के नाम पर ठगी, साइबर सेल ने लौटाए 20 हजार रुपये


- 53,900 रुपये में खरीदा था शादी का प्लान, सेवाएं नहीं मिलने पर की थी शिकायत

मीरजापुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में शादी के लिए ऑनलाइन मेट्रिमोनी प्लान खरीदना सुन्दरघाट निवासी हरिओम गुप्ता को महंगा पड़ गया। 53,900 रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें वादे के मुताबिक सेवाएं नहीं मिलीं। शिकायत पर कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए उनके खाते में 20 हजार रुपये वापस करा दिए।

पुलिस के अनुसार, हरिओम गुप्ता पुत्र रवि प्रकाश गुप्ता ने 10 अक्टूबर 2025 को ऑनलाइन ठगी की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि शादी के लिए मेट्रिमोनी सेंटर का 53,900 रुपये का प्लान खरीदा था। प्लान में बताई गई सुविधाएं नहीं मिलीं और उनसे लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही थी। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने मामले की जांच की। इसके बाद पीड़ित के खाते में 20 हजार रुपये वापस कराए गए। रकम मिलने पर हरिओम ने पुलिस टीम का आभार जताया। साइबर सेल ने पीड़ित को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा